Sunday 27 December 2015

गोआ



दुनिया भर के युवाओं के लिए चार छः आठ धामो में से एक धाम है गोआ। मतलब युवावस्था में एक बार गोआ घूमने जाना जिंदगी की चंद जरूरी चीजो में शामिल है और अगर यह यात्रा शादी से पहले हो जाये तो जीवन सुधर जाये।

हमारे इन यात्रियों की शादी से पहले और शादी के बाद वाले गोआ प्रवासो में काफ़ी अंतर होता है और यह अंतर क्या होता है यह बताना जरूरी नहीं है।

गोआ शब्द कानो में पड़ते ही हमारी कल्पना के घोड़े समंदर के उन किनारों पर दौड़ना शुरू कर देते है जहाँ मदिरा की लहरो की सूनामी आपके दिलो-दिमाग पर छा जाती है। इस जगह के बारे में सुनते ही कईं लोगो के दिमाग में एक ३ डी फिल्म चालू हो जाती है जिसके ३ आयाम होते है मदिरा, मादकता और मांसाहार। ( शुद्ध हिंदी में शराब-शबाब और कबाब )


गोआ के बारे में अब तक असंख्य यात्रियों ने अपने यात्रा वृतांत लिखे होंगे और लाखो लोगो ने अपने यात्रा अनुभवों को ब्लॉग के माध्यम से दुनिया के सामने परोसा होगा। गोआ यात्रा के बारे में सुनना, पढ़ना बड़ा ही क्लिेशे सा हो गया है इसलिए मैने सोचा मैं नया क्या ही लिख पाउँगा छोडो नहीं लिखते है। फिर आधी रात को ख़याल आया की साला शाहरुख़ खान जैसा सुपर स्टार भी कुछ नया नहीं कर पा रहा है, मोदी भी कितना नया कर ले लोग गालियां ही देते है तो मेँ कौनसा ऊपर वाला हूँ। मुझपर नया करने का कौनसा दबाव है ? लिख डालो गोआ पर। तो मेरे प्यारे दोस्तों जब मेने लिख डाला तो आप पढ़ डालो 

गोआ में शराब, शबाब, कबाब और समुन्दर की लहरो के सिवा भी आपको बहुत कुछ अजीब चीजे देखने को मिलती है, बस उन्ही अजीब चीजो को आप भी देखो मेरी नज़र से ।

एक आकर्षक हनीमून डेस्टिनेशन होने के नाते यहाँ कईं नए नवेले जोड़े दीखते है। समुद्र बीच पर हाथो में हाथ डाले, लहरो के साथ अठखेलियां करते ये जोड़े आपको बहुतायत में देखने को मिलेंगे। आप कहेंगे की इसमें अजीब क्या है तो देखिये एक नयी नवेली दुल्हन जिसके चूड़े से भरे पुरे हाथ, हाथो में धुंधली सी मेहंदी और उन्ही  हाथो में ब्रीज़र की बोतल। फिर गले में लम्बा सा मंगलसूत्र, गाढ़े सिन्दूर से भरी मांग, अनापशनाप मेकअप के साथ पैरो पर घुटने तक की मेहंदी और ऊपर हॉट पैंट्स। वहीं दुल्हन के बाजू में दुल्हेराजा गले में DSLR लटकाये अतरंगी रंग का चश्मा चढ़ाये सामने दो कपड़ो में लिपटी फिरंगी बालाओ और बाजू में बैठी बीवी के बीच नज़रो का टेबल टेनिस खेल रहे होते है।  है न अजीब दृश्य ?

यह तो नए जोड़ो का हुआ अब आपको दिखाते है सनसेट, मतलब पुराने जोड़ो का प्यार, अरे मतलब सनसेट पर बैठे कुछ पुराने कपल्स का प्यार। जब पति पत्नी एक साथ समुन्दर किनारे सूर्यास्त का आनंद ले रहे होते है और रोमांटिक बातो में मशगूल होते है तभी सामने से अल्प वस्त्रो में देशी-विदेशी बालाओं का एक झुण्ड गुजर जाये तब पतिदेव की आँखों में जो नूर आता है वो देखते ही बनता है। डूबता हुआ सूरज भी चमकने लगता है।




ऐसा नहीं नहीं है की गोआ में सिर्फ नए नवेले जोड़े ही आते है, या सिर्फ यंग क्राउड ही आता है बल्कि "शिवशंकर तीर्थ यात्रा कंपनी" के प्रौढ़ और बुजुर्ग दंपत्ति भी आपको गोआ का रसपान करते हुए दिख जायेंगे। ऐसे जोड़े समुन्दर किनारे अक्सर चाय ढूंढते पाये जाते है। गोआ में आपको हर दो कदम पर दारू की दूकान मिल जाएगी परन्तु अगर आप चाय के शौकीन है तो फ्रस्ट्रेट हो जायेंगे। ऐसे ही फ्रस्ट्रेट होते हुए मिस्टर श्रीवास्तव आकर घुटने मसलते हुए बैठी बेचारी मिसेज़ श्रीवास्तव को समझाते है, बहुत ही कमीने लोग है यहाँ के ४० रुपये में चाय बेच रहा है वो भी गरम लाल मीठा पानी, तुम चाय पीना छोड़ ही दो अब।

गोआ में एक और चीज बहुत प्रसिद्द है और वो है टैटू स्टूडियो। इसमें अजीब क्या है अब ? आपको पूछा जाये की टैटू की दूकान का कोई रैंडम नाम सोचिये तो आपके दिमाग में आएगा रॉकी टैटू, सैंडी टैटू , बीच-वे टैटू इत्यादि। किन्तु असल में ऐसा नहीं है, गोआ में आपको गुप्तजी टैटू वाले, रमेश टैटू स्टुडिओ, रामलाल टैटू वाला भी है।
जहाँ कईं लडके अपने बाजुओं पर ऐसी ऐसी डिज़ाइन बनवाते नजर आते है जिनका मतलब उन्हें खुद भी समझ न आये। और तो और कईं लडको के टैटू तो दिखाई भी नहीं देते क्योंकि स्किन कलर और इंक कलर एक ही होता है। (ख़बरदार जो मुझे रेसिस्ट कहा).

और सबसे अजीब और अनोखी चीज जो आज हर जगह देखने ही मिलती है उससे गोआ कैसे अछूता रह सकता है ? वो चीज है सेल्फ़ी प्रेम। कुछ लोग यहाँ  सिर्फ इसलिए आते है ताकि २ दिन घूम के 1760 फोटो खीच के फेसबुक पे डाल सकें। उसके बाद फिर इन्तेजार लाइक्स और कमेंट्स का तब जाकर होती है गोआ यात्रा सफल।

अगली बार जब आप गोआ जाएँ तो "कुछ हटके" जरूर देखियेगा और खुद भी करियेगा।















Tuesday 1 December 2015

असहिष्णुता

दृश्य एक :
स्थान: पुणे
समय-काल  : गणेशोत्सव के आस पास

कहते है की गणेशोत्सव की धूम धाम इस शहर से बढ़कर कहीं  देखने को नहीं मिलती , सच भी है। इस वर्ष भी गणेशोत्सव की तैयारियाँ जोरो शोरो से चल रही है। जोर इस लिए क्योंकि बड़े बड़े ढोल ताशे घंटो उठा के प्रैक्टिस करने में बड़ा जोर लगता है और फिर होने वाला शोर तो वाज़िब है ही । पुणे में गणेश विसर्जन बड़ा खास होता है, भिन्न भिन्न ढोल-ताशा पथक इसके लिए महीनो पहले रियाज़ शुरू करते है और अपनी प्रस्तुति देते है।
इस बार नव-युवा चेतना समूह भी जोर शोर से तैयारी कर रहा है, इस समूह में ६ से  ७० साल तक के सदस्य है। एक ८  साल का बच्चा अपने घर वालो से ज़िद करके अभी अभी इस समूह में दाखिल हुआ है और समूह के सदस्यों ने उसका भव्य स्वागत भी किया।  मात्र ३ दिनों में ही इस बालक ने पुरे समूह का दिल जीत लिया है। अपने अन्य साथियों के साथ वो भी अपने नाजुक कंधो पर भारी ढोल उठा के ताल से ताल मिलाके घंटो प्रैक्टिस करता है।


कईं दिनों की प्रैक्टिस के बाद गणेश विसर्जन के दिन  समूह को अन्य बड़े बड़े ढोल पथको के साथ प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त हुआ । ६ घंटे सतत रूप से ढोल और ताशो के लय ताल से भरे युद्ध में अंततः इस युवा समूह को विजयी घोषित किया जाता है। समूह के सभी बड़े सदस्य छोटे छोटे सदस्यों को अपने कंधे पर उठाकर झूम रहे है। हमारा ८ वर्षीय बालक जो अपने घरवालो से लड़कर इस समूह में शामिल हुआ था वो भी बहुत खुश है। आज उसके माता पिता भी बहुत खुश है यह देख कर की उसे समूह के बाकी लोगो से कितना प्रेम मिल रहा है। J

दृश्य दो:
स्थान: हैदराबाद
समय -काल : रमज़ान का महीना

हैदराबाद की चार मीनार और बिरियानी के अलावा वहां की ओल्ड सिटी में बोली जाने वाली हिंदी भी विश्वप्रसिद्ध है। क्या कहा ? आपने नहीं सुनी वहां की हिंदी ? क्या हौले जैसी बातां करते मियां तुम, तुम हयदेराबाद की हिंदी नको सुने तो क्या सुने जी  ?
चलिए मजाक की बात छोड़िये मुद्दे की बात करते है।
रमज़ान का महीना है, ज्वेलरी की दूकान पर सेठ जी के यहाँ काम करने वालो में ज्यादातर लोग रोज़ा रखते है। जो लोग रोज़ा नहीं रखते वो रोज़ा रखने वालो का ध्यान रखे इस बात का सेठजी पूरा ध्यान रखते है। सेठ जी ने अपने शोरूम के ऊपरी माले में एक कमरा खाली करवाया है। भोजन काल के दौरान रोज़ा न रखने वाले चुपचाप बिना कोई शोर किये उस कमरे में जाके अपना भोजन करके आ जाते है और फिर शाम तक न पानी का और न ही भोजन का कोई जिक्र करते है। शाम होते ही सेठजी अपनी और से इफ्तार के लिए भोजन सामग्री मंगवाकर रोज़ा करने वालो को उसी ऊपरी माले के कमरे में भेजते है जहाँ वो इत्मीनान से अपना रोज़ा खोल सके।


 पुणे वाले किस्से में उस ८ साल के बालक का नाम है  सोहैल  जी हाँ एक मुस्लिम परिवार का बच्चा जो हिन्दुओं के त्यौहार में ढोल बजा रहा था जहाँ  उसे मान सम्मान भी भरपूर मिला।और उसके परिवार ने भी धार्मिक सहनशीलता दिखाते हुए उसे आज़ादी दी अपने मन की करने की।
हैदराबाद की घटना में यह जौहरी सेठ एक हिन्दू है जिन्हे यह भी पता है की इंसानियत भी एक धर्म है। इन्ही सेठ के यहाँ कईं वफादार कारीगर मुस्लिम समुदाय से है और प्रतिवर्ष इनकी दूकान पर ईद और दीवाली समान रुप से मनाई जाती है।

यह किस्से सत्य घटनाओँ से प्रेरित है। ऐसे ही असंख्य किस्से है जो हमारे आस पास बिखरे पड़े है। हम आम लोगो का जीवन बीते कईं वर्षो से इसी प्रकार चल रहा है।किन्तु हमें कभी नहीं लगा की देश में असहनशीलता का वातावरण है। हाँ यह एक राजनैतिक बहस का मुद्दा जरूर हो सकता है किन्तु जरा विचार कीजिये की क्या देश के हीत के लिए ऐसी नकारात्मक बातें फैलाना उचित होगा ? हमें अपने विवेक से भी काम लेना होगा, हम इतने साधन संपन्न भी नहीं है की किसी ने कुछ कहा और देश छोड़ के चले जाएँ।

चलिए अभी इन वास्तविक किस्सों से परे एक काल्पनिक किस्सा सुनाते है।
दृश्य ३
स्थान : आमिर खान का घर,मुंबई
समय-काल : दिसंबर २०१५

३ साल का आज़ाद घर छोड़ने की ज़िद्द लिए बैठा है क्योंकि उसको उसकी माताजी ने डांट दिया है। क्यों ?
क्योंकि अब उसकी शैतानियाँ बर्दाश्त से बाहर है। जब आमिर ने पूछा की बेटा अगर मम्मी ने जरा सा डांट दिया तो इसमें घर छोडनें की क्या जरुरत है ?
मासूम आज़ाद का जवाब सुनिए : "मम्मी को तो किसी ने नहीं डांटा था और वो इंडिया छोड़ने की बात कर रही थी तब तो आपने उन्हें कुछ नहीं कहा और मुझे ज्ञान पेल रहे हो पापा ? हैँ ? "



चित्र: गूगल इमेज सर्च के सौजन्य से









देश भक्ति

  देश भक्ति , यह वो हार्मोन है जो हम भारतियों की रगो में आम तौर पर स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस  या भारत पाकिस्तान के मैच वाले दिन ख...